उत्तराखंड: अनियंत्रित होकर 150 मीटर खाई में समा गया वाहन, चालक की दर्दनाक मौत
अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के झांकरसेम क्षेत्र में रविवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। अल्मोड़ा से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा एक छोटा हाथी (लोडर वाहन) अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, वाहन संख्या UP 14 QT 8045 झांकरसेम के पास मोड़ पर चालक से नियंत्रण खो बैठा और खाई में जा समाया। वाहन को चला रहे अमित कुमार (पुत्र युद्धवीर सिंह, निवासी समाना, हापुड़, उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ सवार सोनू उर्फ सतेंद्र कुमार (40 वर्ष, पुत्र सतपाल सिंह, निवासी अतरौली, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और सीएचसी धौलादेवी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने चालक अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल सोनू का उपचार जारी है।
थानाध्यक्ष दन्या दिनेश कुमार महंत ने बताया कि खाई से घायलों को निकालने में काफी दिक्कत हुई। मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।