
देवप्रयाग: उत्तराखंड के देवप्रयाग क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक यूटिलिटी वाहन गहरी खाई में गिर गया। वाहन में सवार दो युवक—अमन नेगी (28) और अयान (19)—लापता बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा दोनों की तलाश में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिद्वार के एकड़ खुर्द (थाना पाथरी) निवासी अरशद पुत्र इस्लाम ने घटना की सूचना दी। इसके बाद एसडीआरएफ और थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।
सब्जी लेकर कर्णप्रयाग जा रहा था वाहन
बताया गया कि वाहन संख्या UK11 CA 2034 सब्जी लेकर कर्णप्रयाग की ओर जा रहा था। वाहन स्वामी अमन नेगी पुत्र धीरेंद्र सिंह नेगी, निवासी ग्राम पलेटी, पोस्ट कर्णप्रयाग, जिला चमोली (उम्र 28 वर्ष) और अयान पुत्र गुलशराज, निवासी ग्राम रोखेड़ी, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उम्र 19 वर्ष) वाहन में सवार थे।
अब तक न तो वाहन का पता चल पाया है और न ही दोनों युवकों का कोई सुराग मिला है।
सर्च अभियान के दौरान मिला मोबाइल फोन
तलाशी अभियान के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जांच में यह मोबाइल अयान का होना पाया गया। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
प्रशासन ने बताया कि दुर्गम क्षेत्र और गहरी खाई के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, फिर भी सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।