सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 साल : रुद्रपुर में ‘विकसित भारत का अमृतकाल’ पर प्रोफेशनल मीट में बोले कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी

रुद्रपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रुद्रपुर स्थित एक निजी होटल में “विकसित भारत का अमृतकाल: सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” विषय पर प्रोफेशनल मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कार्यक्रम का शुभारंभ रिबन काटकर किया और इसके उपरांत प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जिसमें मोदी सरकार की 11 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया गया था।
अपने संबोधन में मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में भारत ने अभूतपूर्व विकास यात्रा तय की है। गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए चलाई गई योजनाओं का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण इस सरकार की कार्य संस्कृति के मूल आधार रहे हैं।
मंत्री जोशी ने बताया कि इस कालखंड में देश ने वैश्विक स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व में अंत्योदय के मंत्र को साकार करते हुए गरीबों को घर, शौचालय, बिजली, गैस, मुफ्त राशन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने केवल योजनाएं बनाईं ही नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन को भी सुनिश्चित किया है, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ मिला है।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने हाल ही में सफलतापूर्वक संचालित “ऑपरेशन सिन्दूर” का भी उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए देश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विधायक रुद्रपुर शिव अरोड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, अमित नारंग, प्रकाश हरमोला, विनीता सक्सेना, हरमान चौधरी, प्रेम सिंह राणा, उत्तम सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।