
देहरादून, 28 सितम्बर: रायपुर दुर्गा पूजा समिति इस वर्ष अपना 82वां दुर्गा पूजा महोत्सव धूमधाम से मना रही है। शरद ऋतु में आयोजित होने वाला यह पर्व समिति के लिए अत्यंत भावनात्मक आयोजन है। देहरादून की सबसे पुरानी दुर्गा पूजाओं में से एक होने के कारण यहां हर साल विशेष रौनक देखने को मिलती है। यह उत्सव मां दुर्गा के प्रति भक्तों की आस्था, संवेदना, सम्मान, विश्वास और प्रेम का प्रतीक है।
उद्घाटन समारोह इस बार समिति के अनुभवी मार्गदर्शक मंडल के द्वारा संपन्न होगा, जिनमें सलिल भौमिक, सुनील मन्ना, अमिताभ मोइत्रा, सुशांत उकील और कविंदर सेमवाल शामिल रहेंगे।
शंखनाद, ढाक और कांसा की मधुर ध्वनियों के बीच उद्घाटन के साथ ही देवी दुर्गा, देवी लक्ष्मी, देवी सरस्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय की भव्य प्रतिमाओं के दर्शन भक्तों को कराए जाएंगे।