उत्तराखंड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज दिल्ली दौरे पर, केंद्रीय मंत्रियों से राज्य से जुड़े मुद्दों पर होगी चर्चा

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज नई दिल्ली के दौरे पर हैं, जहां वे राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी केंद्र सरकार के समक्ष राज्य के लंबित प्रस्तावों पर चर्चा करेंगे, जिनमें सड़क, रेल और हवाई संपर्क जैसी बुनियादी ढांचा परियोजनाएं प्रमुख हैं।

इसके अलावा शहरी विकास, जल शक्ति और पर्यावरण मंत्रालय से जुड़े मामलों पर भी बातचीत होने की संभावना है, जो राज्य में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं के लिए बेहद जरूरी हैं। मुख्यमंत्री धामी भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से भी मुलाकात कर सकते हैं और उन्हें चारधाम यात्रा में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण देंगे। इस वर्ष चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की रिकॉर्ड संख्या देखने को मिली है।

राजनीतिक मसलों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री राज्य मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार और उत्तराखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी वरिष्ठ नेताओं से बातचीत कर सकते हैं।

अगर समय मिला तो मुख्यमंत्री राष्ट्रीय नेताओं से शिष्टाचार भेंट भी कर सकते हैं, ताकि राज्य और केंद्र सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा सके। मुख्यमंत्री का यह दिल्ली दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य मानसून सीजन की तैयारियों में जुटा है और विभिन्न परियोजनाओं के लिए केंद्र से शीघ्र स्वीकृति मिलना बेहद जरूरी हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button