
गंगोत्री , उत्तरकाशी : चारधाम यात्रा 2025 का शुभारंभ बुधवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा। इस पावन अवसर से एक दिन पूर्व, मंगलवार को दोपहर 11:57 बजे अभिजीत मुहूर्त में मुखबा गांव से मां गंगा की भोगमूर्ति विग्रह डोली को विधिविधान के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया गया।
ढोल-दमाऊं, सेना के बैंड और भक्तों के जयकारों के बीच मां गंगा की डोली को छह माह के प्रवास के लिए गंगोत्री रवाना किया गया। इस दौरान समेश्वर देवता की देवडोली भी गंगोत्री धाम तक साथ जाएगी। भावुक माहौल में स्थानीय श्रद्धालुओं ने मां गंगा को बेटी की तरह कल्यो और फाफरे का भोग अर्पित कर विदाई दी।
तीर्थ पुरोहित राजेश सेमवाल ने जानकारी दी कि मां गंगा की डोली लगभग 25 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर गंगोत्री धाम पहुंचेगी। मंगलवार रात को डोली भैरो घाटी में स्थित भैरव मंदिर में रात्रि विश्राम करेगी। इसके बाद बुधवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं के साथ डोली गंगोत्री धाम पहुंचेगी।
सुबह 10:30 बजे विधिविधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगोत्री धाम के कपाट छह माह के लिए श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए जाएंगे।चारधाम यात्रा के शुभारंभ को देखते हुए गंगोत्री बाजार पूरी तरह सज चुका है और यात्रियों के स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धाम क्षेत्र में आवश्यक सुविधाएं, चिकित्सा, आवास, और खानपान की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।