
देहरादून, 23 दिसंबर: राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी देहरादून के रानी पोखरी स्थित भट्ट नगर गांव में किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने खेतों में जाकर खेती-किसानी की जमीनी स्थिति का अवलोकन किया और किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव साझा किए।
कृषि मंत्री ने किसानों से उत्पादन लागत, सिंचाई व्यवस्था, बीज, खाद, कीटनाशक, फसल विपणन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को किसानों के साथ समन्वय बनाकर वर्कशॉप आयोजित करने तथा गेहूं-धान के साथ-साथ लाभकारी फसलों की ओर किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने फार्म मशीनरी बैंक का भी निरीक्षण किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों के साथ बैठकर भोजन कर आत्मीय जुड़ाव का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेश के सभी किसानों को किसान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसान केवल अन्नदाता ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। किसानों के साथ भोजन करना उनके परिश्रम और योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण, 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, फार्म मशीनरी बैंक, बागवानी, पॉलीहाउस, आधुनिक कृषि तकनीक, मुफ्त सिंचाई सुविधा और गुणवत्तापूर्ण कृषि उत्पादन को बढ़ावा दे रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य किसानों की आय दोगुनी करना, कृषि को आधुनिक बनाना और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती, आधुनिक तकनीक और कृषि अवसंरचना के विस्तार पर निरंतर कार्य कर रही है। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ किसानों तक समय पर पहुंचे।
कार्यक्रम से पूर्व कृषि मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन किसानों के अधिकारों और उनके उत्थान के लिए समर्पित रहा है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गीतांजलि, जैविक बोर्ड सदस्य निरंजन डोभाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरुण शर्मा, सतीश सेमवाल, संदीप भट्ट, इंद्र पाल सिंह, एके उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।