स्वामी विवेकानंद जयंती: सीएम धामी ने ‘स्वदेशी संकल्प दौड़’ को दिखाई हरी झंडी, युवाओं को दिलाया विकसित भारत का संकल्प
देहरादून: राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद की जयंती के पावन अवसर पर आज राजधानी देहरादून 'स्वदेशी' के रंग में रंगी नजर आई। भाजपा युवा मोर्चा द्वारा गांधी पार्क में आयोजित 'स्वदेशी संकल्प दौड़' में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सीएम ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद को नमन करते हुए की। उन्होंने स्वदेशी अभियान को मजबूती देने वाले विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। सीएम ने कहा, “यह दौड़ केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बढ़ते युवाओं के कदम हैं।” उन्होंने युवाओं को ऊर्जा का पावरहाउस बताते हुए कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच ही भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाएगी।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध ध्येय वाक्य— “उठो, जागो और तब तक नहीं रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो” को दोहराते हुए युवाओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे युवा देश है, जिसकी 65 फीसदी आबादी 42 वर्ष से कम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं को शिक्षा, रोजगार और नवाचार के नए अवसर मिल रहे हैं।
युवाओं के भविष्य और रोजगार पर बात करते हुए सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले 4 वर्षों में राज्य में 27,000 युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि युवाओं का परिश्रम ही वर्ष 2047 में भारत को ‘विकसित राष्ट्र’ बनाने के संकल्प को साकार करेगा।
कार्यक्रम से इतर, हल्द्वानी में किसान सुखवंत सिंह की मौत के मामले पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए तत्काल प्रभाव से मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का सच सामने आएगा।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज गांधी पार्क देहरादून में स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया। इस अवसर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनको नमन किया। इस दौरान स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं… pic.twitter.com/mYclWsm8zX
— CM Office Uttarakhand (@ukcmo) January 12, 2026
उधर, मसूरी में भी राष्ट्रीय युवा दिवस धूमधाम से मनाया गया। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किशनपुर तिराहे पर स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शानदार प्रस्तुति देने वाली प्रतिभागियों—चांदनी, स्मृति, मुस्कान, काजल और रूपा को मंत्री ने मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।