CM पुष्कर धामी से मुलाकात के बाद नेता दिल्ली में जमे ,उत्तराखंड में राजनेताओं धड़कनें क्यों बढ़ीं


उत्तराखंड में जल्द बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है। भाजपा नेताओं ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के बाद दिल्ली में डेरा डाल दिया है। इस घटनाक्रम ने उत्तराखंड में नेताओं की धड़कनें फिर बढ़ा दी हैं। हालांकि भाजपा ने धामी से विधायकों के मिलने को शिष्टाचार भेंट बताया है, लेकिन बीते अगस्त से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं को भी हवा मिल गई है। बताया गया है कि नेतागण नितिन नबीन की भाजपा अध्यक्ष पर ताजपोशी के लिए दिल्ली में हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के साथ ही सरकार-संगठन के अधिकांश बड़े नेता दिल्ली में डेरा हैं। इस बीच, सोमवार को रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, सल्ट विधायक महेश जीना और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बारी-बारी से मुख्यमंत्री से भेंट की। इन सभी ने सीएम के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया पेज पर इन मुलाकातों के फोटो अपलोड होते ही उत्तराखंड के सियासी माहौल में थोड़ी सर गरमी आ गई।
अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया और उन्हें चुनाव प्रमाण पत्र सौंपा। इस संगठन पर्व के दौरान पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता, जिनमें सभी केंद्रीय मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी, राज्य इकाई के अध्यक्ष और पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य भी मुख्यालय में मौजूद रहे।