
ऋषिकेश: के बापूग्राम वन भूमि विवाद में प्रभावित परिवारों के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।
हरीश रावत ने कहा कि बापूग्राम में कई दशकों से रह रहे परिवारों को उजाड़ना अन्याय के समान है। इन लोगों ने यहीं अपने घर बसाए, बच्चों की परवरिश की और पूरी जिंदगी यहीं गुजारी है। ऐसे में अचानक उन्हें बेघर करना उचित नहीं है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव आनंदवर्धन से मुलाकात करेंगे और प्रभावित परिवारों की पीड़ा से उन्हें अवगत कराएंगे।
संघर्ष समिति ने भी सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। समिति की ओर से कहा गया कि जब तक इस मामले का स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इसके तहत मशाल रैली और कैंडल मार्च जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
धरने में शामिल लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था दिए बिना हटाने की कार्रवाई न की जाए और उनके वर्षों पुराने आवासीय अधिकारों का सम्मान किया जाए।