
रोमांच और साहसिक खेलों के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल औली में इस बार राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन पहली बार दो अलग-अलग स्कीइंग स्लोप पर किया जाएगा। टेक्निकल कमेटी के निर्णय के बाद प्रतियोगिता का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है और आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता में आईटीबीपी, भारतीय सेना, सीआरपीएफ के साथ-साथ उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, लद्दाख, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, ओडिशा और कर्नाटक सहित कई राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में करीब 200 खिलाड़ी अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, औली के मुख्य नंदा देवी स्कीइंग स्लोप पर बर्फ तेजी से पिघल रही है। इसी को देखते हुए सुरक्षा और प्रतियोगिता की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए चैंपियनशिप को दो अलग-अलग स्लोप पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इससे खिलाड़ियों को बेहतर परिस्थितियां मिलेंगी और मुकाबले अधिक रोमांचक होंगे।
विंटर कार्निवाल के साथ-साथ राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप का आयोजन 12 से 16 फरवरी तक किया जाएगा। इस दौरान औली में देशभर से खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी पहुंचेंगे, जिससे पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आयोजन समिति ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, आवास, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। औली में होने वाला यह आयोजन न केवल शीतकालीन खेलों को प्रोत्साहन देगा, बल्कि उत्तराखंड को विंटर स्पोर्ट्स के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में भी मजबूत पहचान दिलाएगा।