उत्तराखंडदेहरादून
Trending

डीएम सविन बंसल की पहल से 34 बेटियों की रुकी पढ़ाई फिर शुरू

देहरादून, 13 फरवरी 2026: कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रोजेक्ट “नंदा-सुनंदा” के 13वें संस्करण में जिला प्रशासन ने आर्थिक तंगी से जूझ रही 34 बालिकाओं की बाधित शिक्षा को पुनर्जीवित किया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बालिकाओं को 9 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए। अब तक इस परियोजना के तहत लगभग 62 लाख रुपये की धनराशि से 126 बालिकाओं की शिक्षा दोबारा शुरू कराई जा चुकी है।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बालिकाएं नंदा-सुनंदा देवियों के समान हैं। इन बालिकाओं की शिक्षा को पुनर्जीवित कर उन्हें आत्मनिर्भर और योग्य बनाना ही सच्ची वंदना है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी शिक्षा के प्रति समर्पित रहें, महान व्यक्तित्वों की जीवनी पढ़ें और जीवन में सफल होकर अन्य बालिकाओं के लिए रोल मॉडल बनें।

फीस न भर पाने पर स्कूलों का अमानवीय रवैया

कार्यक्रम के दौरान कई अभिभावकों ने बताया कि फीस जमा न होने के कारण स्कूलों ने बच्चियों को 15-15 दिन तक स्कूल आने से रोका और परीक्षा में बैठने से भी वंचित करने की चेतावनी दी। ऐसे में जिला प्रशासन की पहल उनके लिए संजीवनी साबित हुई।

विभिन्न परिस्थितियों में बाधित हुई थी पढ़ाई

  • कैंसर पीड़ित पिता की बेटी सृष्टि की बीसीए पांचवें सेमेस्टर की पढ़ाई आर्थिक संकट के कारण रुकने की स्थिति में थी, जिसे पुनः शुरू कराया गया।
  • पिता के निधन के बाद बीएससी नर्सिंग की छात्रा अलाईना रावत, बी-कॉम की छात्रा आकृति बडोनी, कक्षा 10 की छात्रा तनिका, कक्षा 9 की लावण्या, कक्षा 6 की दिव्या, यूकेजी की नंदनी और कक्षा 3 की ईशिका की पढ़ाई बाधित हो गई थी।
  • शिवांगी, जिनके पिता पैरालाइज्ड हैं और माता निजी चिकित्सालय में सफाईकर्मी हैं, उनकी बीएजे एंड एमसी (डिजिटल) द्वितीय सेमेस्टर की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।
  • मानवी सहित अन्य जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा भी इसी योजना से पुनर्जीवित की गई।

अभिभावकों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खराब आर्थिक परिस्थितियों में यह सहायता उनकी बेटियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) जितेन्द्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट सहित अन्य अधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!