देहरादून: उत्तराखंड की शांत वादियों के लिए मशहूर राजधानी देहरादून पिछले 15 दिनों में अपराध की राजधानी बनती नजर आ रही है। शहर में सिलसिलेवार हत्याओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को पुलिस ने एक और हत्याकांड का पर्दाफाश किया, जिसमें दोस्तों ने ही अपने साथी की हत्या कर शव को जंगल में दफना दिया था। यह पिछले दो हफ्तों में दून में हत्या की चौथी बड़ी वारदात है, जिसने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है।

ताजा मामला: जंगल में रेत के नीचे मिला दिगंबर का शव नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र से लापता युवक दिगंबर धीमान की हत्या का खुलासा मंगलवार (17 फरवरी) को हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि यह हत्या 9 फरवरी को ही कर दी गई थी। नशे की हालत में हुए विवाद के बाद दोस्तों ने ही दिगंबर को मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित चिड़ियापुर के जंगल में ले जाकर रेत में दबा दिया।
परिजनों ने 11 फरवरी को दिगंबर की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस की कड़ी पूछताछ के बाद एक आरोपी ने अपना जुर्म कबूला, जिसकी निशानदेही पर देहरादून और श्यामपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जंगल से शव बरामद किया।
फरवरी बना ‘खूनी महीना’: 15 दिन में 4 हत्याएं देहरादून में फरवरी माह में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। एक के बाद एक हुई चार हत्याओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं:
-
02 फरवरी (गुंजन हत्याकांड): दूल्हा बाजार में पुरानी रंजिश के चलते आकाश नामक युवक ने गुंजन श्रीवास्तव की चापड़ से काटकर निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है।
-
11 फरवरी (अर्जुन शर्मा हत्याकांड): तिब्बती मार्केट के बाहर टेनिस खेलकर लौट रहे गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
-
13 फरवरी (विक्रम शर्मा हत्याकांड): शहर के पॉश इलाके सिल्वर सिटी मॉल की सीढ़ियों पर झारखंड के हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा को शूटरों ने गोलियों से भून दिया था। पुलिस अभी भी मुख्य शूटरों की तलाश में है।
-
17 फरवरी (दिगंबर धीमान): शव बरामदगी के साथ चौथी हत्या का खुलासा।
एक्शन में सरकार: एसएसपी बदले, सीएम ने दिए सख्त निर्देश लगातार हो रही वारदातों और बिगड़ती कानून व्यवस्था को देखते हुए धामी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। 48 घंटे के भीतर दो हत्याकांड होने के बाद तत्काल प्रभाव से देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को हटाकर प्रमेंद्र सिंह डोबाल को जिले का नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें उन्होंने मुखबिर तंत्र को मजबूत करने और अपराधियों में कानून का भय स्थापित करने के निर्देश दिए। सीएम के आदेश के बाद पुलिस ने पूरे जिले में व्यापक सत्यापन अभियान शुरू कर दिया है और सड़कों पर गश्त बढ़ा दी गई है। हालांकि, पुलिस की सख्ती के दावों के बीच मंगलवार को हुए इस नए खुलासे ने एक बार फिर शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है।