
देहरादून।हिमालयी संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ का शुभारंभ शुक्रवार को साइक्लोथॉन के साथ किया गया। शाम को मेले और प्रदर्शनी का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ।फेस्टिवल के प्रथम दिन पर्यावरण संरक्षण का संदेश और कलात्मक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला।शहीद दुर्गामल्ल मेमोरियल ट्रस्ट की ओर से गढ़ी कैंट स्थित महेन्द्रा ग्राउंड में आयोजित गोरखा हिमालयन फेस्टिवल की शुरुआत शुक्रवार को सुबह सात बजे साइक्लोथॉन रैली से हुई। इस दौरान सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल राम सिंह प्रधान,गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, शहीद दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा, ट्रस्ट की संरक्षक गोदावरी थापली ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।

लगभग 15 किलोमीटर लंबी यह रैली गढ़ी कैंट से प्रारंभ होकर बल्लूपुर और घंटाघर होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पर संपन्न हुई। इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए हिमालय संरक्षण का संदेश दिया, साथ ही शरीर की सुदृढ़ता को ही सुखी जीवन का मुख्य आधार बताते हुए स्वस्थ जीवन के टिप्स दिये गये। इस दौरान सौ से अधिक साइकिलिस्ट्स ने रैली में प्रतिभाग किया।
वहीं शाम को बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल राम सिंह प्रधान, ट्रस्ट के संस्थापक आचार्य पंडित सुशांत राज,
ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा, सभा के अध्यक्ष पदम सिंह थापा, संरक्षक गोदावरी थापली ने प्रदर्शनी और मेले का शुभारम्भ किया। इस दौरान उत्सव की सांस्कृतिक संध्या सुरों और ताल से सजी रही। इस मौके पर जम्मू के प्रसिद्ध जिया शर्मा एम् जैक्सन बैंड ने ‘कुंजू चंचलो’ (अ ट्रू लव स्टोरी ) और ‘आश्रूआ आ गोरिया’ जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।

सिलीगुड़ी की प्रसिद्ध कलाकार सुरक्षा सिन्चुरी ने भाखेमा बर पीपलू, चियाबारिमा, रामभा हो गीतों की शानदार प्रस्तुति दी गई। सिलीगुड़ी के गायक विक्रम कालीकोटी ने अपने गीतों के माध्यम से इंडियन आइडल फेम प्रशांत तमंग को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ‘या आली रहम आ ली’ जैसे गीत भी प्रस्तुत किए।
स्थानीय कलाकार दीप्ति राणा ने ‘भुई सोरी ढोगे है’ और देविन शाही ने ‘यो गाउँको ठिट्टो म’ जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। साथ ही कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दीप्ति राणा और देविन शाही की जुगलबंदी रही, जिन्होंने ‘गोली सीसाको’ और ‘लाठी चार्ज नगर’ जैसे गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके साथ ही,कौसाली समूह,मीनू आले समूह सूरज राई (रैपर – ‘हाम्रो परिवार’)पवन सुब्बा (नृत्य प्रस्तुति)शालिनी (बादोवाला),त्रिशक्ति समूह ,गुराँस सांस्कृतिक कला केंद्र द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गयी। इस मौके पर ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि शनिवार को
असम से पहुंची सुपर डांसर की विजेता नन्ही अध्यायश्री उपाध्याय के नृत्य की प्रस्तुति खास रहेगी। कार्यक्रम में पहले दिन ज्योति कोटिया, बुद्धिमान थापा, उपासना थापा, राजेंद्र थापा, माया पवार, मेनका राणा, पूनम थापा, लाल बहादुर थापा माया राणा और तारा शाह, अनिल गुरुंग, अभिषेक शाही, पहाड़ी पेडलर समूह ,रोड स्पिन वॉरियर्स आदि उपस्थित थे।