
हरिद्वार/सिडकुल: औद्योगिक क्षेत्र सिडकुल में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेजों का काला कारोबार करने वाले एक बड़े गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन सत्यापन अभियान के तहत, सिडकुल थाना पुलिस ने एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर छापा मारकर बिजनौर (उत्तर प्रदेश) निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पैसों के लालच में बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र तैयार करता था।

पुलिस मुख्यालय के आदेशों और एसएसपी नवनीत सिंह के पर्यवेक्षण में पूरे जनपद में बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन और चेकिंग अभियान जोरों पर है। इसी कड़ी में रविवार (22 फरवरी 2026) को सिडकुल पुलिस की संयुक्त टीम रावली महदूद क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पिपलेश्वर मंदिर के पास स्थित एक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली।
पुलिस टीम ने जब दुकान पर अचानक छापेमारी की, तो वहां मौजूद युवक लैपटॉप और स्कैनर की मदद से स्थानीय और बाहरी राज्यों के लोगों के फर्जी आधार कार्ड और हाईस्कूल की मार्कशीट (कूटरचित दस्तावेज) बनाता हुआ रंगे हाथों पकड़ा गया।
नौकरी के लिए उम्र और पता बदल देता था आरोपी पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पुनीत कुमार (28 वर्ष) पुत्र वेदपाल सिंह बताया। वह मूल रूप से ग्राम कासमाबाद, पोस्ट बुढ़नपुर, थाना स्योहरा, जिला बिजनौर (यूपी) का रहने वाला है और वर्तमान में रावली महदूद में रहकर यह गोरखधंधा चला रहा था।
आरोपी पुनीत ने पुलिस के सामने कबूल किया कि सिडकुल की फैक्ट्रियों में नौकरी करने के लिए बाहरी राज्यों से भारी संख्या में युवक आते हैं। नौकरी के लिए स्थानीय पते वाले (उत्तराखंड के) आधार कार्ड या निर्धारित उम्र की आवश्यकता होती है। आरोपी सॉफ्टवेयर की मदद से किसी भी आधार कार्ड में नाम, पता और उम्र में हेरफेर कर उसका प्रिंट निकालकर ग्राहकों को मोटे दाम पर बेच देता था।
दुकान से ये हुआ बरामद पुलिस ने आरोपी की दुकान से फर्जीवाड़े में इस्तेमाल होने वाले कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और जाली दस्तावेज बरामद किए हैं:
-
1 सिल्वर रंग का लैपटॉप और उसका चार्जर
-
1 कलर प्रिंटर कम स्कैनर और 1 की-बोर्ड
-
4 आधार कार्ड (जिनमें 2 पूरी तरह से फर्जी/कूटरचित पाए गए)
-
9 हाईस्कूल की कूटरचित (फर्जी) अंकतालिकाओं की छायाप्रतियां
दर्ज हुआ मुकदमा, भेजा गया जेल सिडकुल पुलिस ने आरोपी पुनीत कुमार के खिलाफ थाने में मु.अ.सं.- 74/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा- 318(2), 336(3), 338 और 339 के अंतर्गत धोखाधड़ी व कूटरचना का गंभीर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: इस सफल खुलासे में सिडकुल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (SSI) देवेन्द्र तोमर, उपनिरीक्षक बबलू चौहान, एएसआई संजय चौहान, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद और कांस्टेबल मुकेश की अहम भूमिका रही।