उत्तराखंडदेहरादून
Trending

उत्तराखंड में सरकारी विभागों के रिक्त पदों का होगा खुलासा,

सचिव समिति की बैठक में पेश होगा पूरा ब्योरा

देहरादून, 03 मार्च 2026: प्रदेश सरकार सरकारी विभागों में रिक्त पदों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की तैयारी में है। युवाओं को रोजगार देने और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से सभी विभागों से स्वीकृत, भरे गए और खाली पदों का विस्तृत ब्योरा मांगा गया है। संभावना है कि 16 मार्च को प्रस्तावित सचिव समिति की बैठक में यह मामला प्रमुख एजेंडा रहेगा।

मुख्य सचिव के निर्देश

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिव समिति की बैठक से पहले सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे सीधी भर्ती के कुल स्वीकृत पदों, वर्तमान में कार्यरत कार्मिकों और रिक्त पदों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं।

इन निर्देशों के क्रम में सचिव सामान्य प्रशासन राजेंद्र कुमार ने प्रमुख सचिव, विशेष प्रमुख सचिव, सचिव और विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों को पत्र भेजकर विस्तृत विवरण मांगा है।

रिक्त पदों को भरने की कवायद पर भी रिपोर्ट

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि केवल रिक्त पदों की संख्या ही नहीं, बल्कि उन्हें भरने के लिए अब तक की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी भी दी जाए।

साथ ही विभागाध्यक्ष, कार्यालयाध्यक्ष और अपर विभागाध्यक्ष के पदों की स्थिति को लेकर भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।

कई विभागों में अब भी खाली हैं पद

सरकार की ओर से लगातार भर्तियां निकाली जा रही हैं, बावजूद इसके कई विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली बताए जा रहे हैं। इससे प्रशासनिक कार्यों की गति प्रभावित होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।

सरकार का मानना है कि रिक्त पदों को शीघ्र भरने से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी।

अब सचिव समिति की बैठक में विभागवार स्थिति स्पष्ट होने के बाद आगे की रणनीति तय किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!