उत्तराखंडउधम सिंह नगर
Trending

रुद्रपुर में बेमौसमी धान पर रोक के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन,

 विधायक अरविंद पांडेय को धरने पर बैठाया

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर), 03 मार्च 2026: बेमौसमी धान की फसल और नर्सरी पर रोक लगाए जाने के विरोध में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। रुद्रपुर के कलक्ट्रेट परिसर में किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान डीएम से मुलाकात कर लौट रहे विधायक अरविंद पांडेय को भी किसानों ने अपने साथ धरने पर बैठा लिया।

प्रशासन पर बेवजह परेशान करने का आरोप

सोमवार को कांग्रेस नेता हरेंद्र सिंह लाड़ी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। किसानों ने मुख्य गेट के सामने धरना देते हुए कहा कि प्रशासन नियम-कानून का हवाला देकर उन्हें खेती करने से रोक रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।

किसानों का कहना है कि तराई क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ भूमि ऐसी है, जहां धान के अलावा अन्य फसल उगाना संभव नहीं है। पहले ही किसान मौसम की मार झेल रहे हैं और वन्यजीवों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ऐसे में यदि वे बेमौसमी धान की खेती कर रहे हैं तो उस पर भी रोक लगाना अन्यायपूर्ण है।

विधायक को भी बैठाया धरने पर

प्रदर्शन के दौरान जब विधायक अरविंद पांडेय डीएम से मिलकर बाहर निकले तो किसानों ने उन्हें भी धरने पर बैठा लिया और अपनी समस्याएं विस्तार से बताईं। किसानों ने मांग की कि प्रशासन बेमौसमी धान पर लगी रोक को वापस ले और उन्हें खेती करने की अनुमति दे।

प्रदर्शन के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!