उत्तराखंडदेहरादून
Trending

देहरादून में विजिलेंस का बड़ा एक्शन: 80 हजार की रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून: Dehradun में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।

मामले के अनुसार, आरोपी जेई उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत लोड बढ़ाने के एवज में 80,000 रुपये की अवैध मांग कर रहा था। पीड़ित ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान में दर्ज कराई, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गोपनीय जांच शुरू की।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। निर्धारित योजना के तहत आज विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जेई, अतुल कुमार, को रिश्वत की रकम लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजलीघर में तैनात था। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने मौके पर ही आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!