
ऋषिकेश: AIIMS Rishikesh में मेडिकल छात्रों की आंतरिक परीक्षाओं के दौरान नकल का एक अजीब मामला सामने आया है। एक MBBS छात्र चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सुरक्षा जांच के दौरान उसकी पोल खुल गई।
मंगलवार को परीक्षा से पहले सभी छात्रों की सघन तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान एक छात्र के चप्पल में छिपाया गया मोबाइल फोन सुरक्षा कर्मियों को मिल गया। इसके बाद छात्र को मौके पर ही रोक लिया गया।
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में छात्र सुरक्षा कर्मी से अपना मोबाइल वापस मांगते हुए नजर आ रहा है, जबकि अन्य छात्र इस घटना पर हंसते दिखाई दे रहे हैं।
संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी डा. श्रीलाय मोहंती ने बताया कि परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले हर छात्र की पूरी जांच की जाती है। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए संस्थान पूरी सतर्कता बरत रहा है।