
गोर्खाली सुधार सभा की मीडिया प्रभारी प्रभा शाह ने अवगत कराया कि –वरिष्ठ समाजसेवी ब्रिगेडियर पी०एस०गुरूंग ,Y SMविशिष्ठ सेवा मेडल से अलंकृत (सेवानिवृत्त )ने 28मार्च2026को मैक्स अस्पताल में अंतिम सांस ली।वे 81वर्ष के थे ।उनके निधन से गोर्खाली समुदाय में शोक की लहर छा गई है । वे जांबाज शहीद लैफ्टिनेंट गौतम गुरूंग,(SM )के पिता थे । पिता-पुत्र दोनों ने सेना में 3/4गोर्खा रेजिमेंट में देश की सेवा की । 25वर्षीय इकलौते बेटे की शहादत के बाद उन्होंने गौतम ट्रस्ट की स्थापना की ।बेटे की पूरी पैंशन और अपनी पैंशन का 50% पैसे से इस ट्रस्ट द्वारा द्वारा निम्न वर्ग के बच्चों- युवाओं को शिक्षा एवं गौतम बाक्सिंग संस्था द्वारा बाक्सिंग प्रतिभाओं को तराशा और खेल एवं सेना में भर्ती हेतु प्रेरित किया ।आज गौतम ट्रस्ट से प्रशिक्षित सैकड़ों युवा बाक्सिंग खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के बल पर सेना , पैरामिलिट्री एवं अन्य सेवाओं में सरकारी नौकरी प्राप्त कर देश सेवा कर रहे हैं ।

ब्रिगेडियर गुरूंग उत्तराखंड सरकार में पूर्व राज्यमंत्री (उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग)भी थे।
उन्होंने वर्ष 2005 -2008तक गोर्खाली सुधार सभा में अध्यक्ष पद पर रहकर गोर्खाली समुदाय को भी अपना पूर्ण योगदान दिया ।अपनी संस्कृति और लोककला के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु गुरांस सांस्कृतिक कला केंद्र की स्थापना भी की और आज उत्तराखंड में गोर्खाली संस्कृति को जीवित रखा है । आज भी वे समुदाय की विभिन्न संस्थाओं बलभद्र खलंगा विकास समिति, भारतीय गोरखा परिसंघ, गोरखा मिलिट्री इण्टर कॉलेज प्रबंधन समिति , तमुधिं गुरूंग समाज में संरक्षक एवं वरिष्ठ सलाहकार के रूप में सक्रिय कार्य कर रहे थे ।
उनका निधन वास्तव में समुदाय के लिए अपूर्णीय क्षति है ।वे अपने पीछे अपनी धर्मपत्नी वीरमाता पुष्पलता गुरूंग और सुपुत्री मीनाक्षी गुरूंग त्यागी को छोड़ गये हैं ।उनके निधन के बाद अब गौतम ट्रस्ट को उनकी सुपुत्री मीनाक्षी गुरूंग त्यागी धर्मपत्नी कर्नल रजत त्यागी अपने शहीद भाई की स्मृति और स्वर्गीय पिता के पदचिन्हों पर चलते आगे बढ़ायेंगी ।
आज ब्रह्मलीन ब्रिगेडियर पी०एस०गुरूंग का अंतिम संस्कार टपकेश्वर मोक्षधाम में पूरे सैन्य सम्मान के साथ हुआ ।आज उन्हें 3/4गोर्खा रेजिमेंट के सैन्य अधिकारियों एवं जवानों ने सलामी दी। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष श्री पदम सिंह थापा जी ,गोरखा ली महिला हरितालिका तीज समिति की अध्यक्षा श्रीमती प्रभा शाह, भारतीय गोरखा परिसंघ के अध्यक्ष पी एन राई , कर्नल डी एस खड़का, श्रीमती उपासना थापा, बलभद्र खलंगा विकास समिति के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह थापा , शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मैमोरियल ट्रस्ट की अध्यक्षा श्रीमती कमला थापा, उत्तराखंड राज्य नेपाली भाषा समिति के अध्यक्ष श्री मधुसूदन शर्मा,ब्रिगेडियर सी बी थापा, कर्नल डी बी थापा, कर्नल आर एस क्षेत्री, कर्नल संजीव थापा, वरिष्ठ नेत्री श्रीमती गोदावरी थापलीजी, वंदना बिष्ट, ज्योति कोटिया विभिन्न संघ संस्थाओं संगठनों के पदाधिकारियों , समाज सेवियों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए और अश्रुपूरित नेत्रों से अंतिम विदाई दी।
उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी जी एवं उनकी सुपुत्री नेहा जोशी भी उनके गढ़ी कैंट स्थित आवास पर पहुंचे और उन्होंने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।