गदरपुर में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, नाबालिग ने ताऊ को मारी गोली.

रुद्रपुर/गदरपुर। उत्तराखंड के गदरपुर क्षेत्र के बकानिया गांव में पारिवारिक जमीन विवाद ने एक भयावह मोड़ ले लिया, जहां एक नाबालिग ने अपने ही ताऊ की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी बुलाई गई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। समय के साथ दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन मृतक का बेटा जमीन के बंटवारे को लेकर अपने चाचा के घर पहुंचा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव का प्रयास कर रहे थे, लेकिन स्थिति अचानक बेकाबू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान छोटे भाई के नाबालिग बेटे ने घर में रखी लाइसेंसी रिवॉल्वर उठा ली और अपने ताऊ पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही नाबालिग आरोपी और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक के बेटे ने इस घटना को सुनियोजित साजिश करार देते हुए आरोप लगाया है कि जमीन हड़पने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया गया। उसका कहना है कि दादा की मृत्यु के बाद तीन जमीनों का बंटवारा होना था, जिसमें उनके पिता का भी अधिकार था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा पाया गया है। झगड़े के दौरान बीच-बचाव में नाबालिग द्वारा गोली चलाए जाने से यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।