चंपावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को चंपावत जनपद के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले में निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया और इसकी प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह केंद्र भविष्य में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख हब बनेगा।

निर्माण कार्यों की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश
करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस साइंस सेंटर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित चार मंजिला साइंस कैंपस और विभिन्न आधुनिक वैज्ञानिक गैलरियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करने और श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों के लिए बन रहा आधुनिक विज्ञान केंद्र
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह साइंस सेंटर प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान और तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि विज्ञान के बिना विकास संभव नहीं है और यह केंद्र दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी विज्ञान एवं खगोल विज्ञान की जानकारी उपलब्ध कराएगा।
ये होंगी प्रमुख सुविधाएं
निर्माणाधीन साइंस सेंटर में कई आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और आवासीय सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और प्रदर्शनी कक्ष भी बनाए जा रहे हैं।
साथ ही यहां अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी, 120 सीटों का ऑडिटोरियम और 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम (इनर और आउटर डोम सहित) भी स्थापित किया जाएगा, जो विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान के व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का कार्य करेगा।
बाल वैज्ञानिकों से किया संवाद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाल वैज्ञानिकों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव समेत कई जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।