देहरादून। राजधानी देहरादून में हुए रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गोली लगने से मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

राहुल गांधी ने कानून व्यवस्था को बताया ध्वस्त
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की दिनदहाड़े हत्या इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
उन्होंने लिखा कि जो लोग सरहद पर देश की रक्षा में अपना जीवन समर्पित करते हैं, वे आज अपने ही शहर में सुरक्षित नहीं हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अपराधी बेखौफ हैं, जबकि आम नागरिक डर के साए में जीने को मजबूर हैं।
हरीश रावत ने कहा—‘देहरादून की भी हत्या’
इस घटना पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि “देहरादून की हत्या” करार दिया।
हरीश रावत ने कहा कि जोहड़ी गांव के पास हुआ यह गोलीकांड समाज में बढ़ती असहिष्णुता, गुस्से और हिंसा का संकेत है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से नशा, अपराध और तथाकथित गैंगस्टर संस्कृति बढ़ रही है, वह राज्य के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है।
उन्होंने आगे कहा कि देहरादून, जो कभी शांति और बौद्धिक वर्ग की पसंद के रूप में जाना जाता था, अब अपनी पहचान खोता जा रहा है। राजपुर रोड जैसे क्षेत्र, जो कभी प्रतिष्ठित माने जाते थे, आज अव्यवस्था की ओर बढ़ रहे हैं।
ब्रिगेडियर की मौत से लोगों में आक्रोश
गौरतलब है कि सोमवार सुबह रोड रेज के दौरान दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने आम लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
लोगों का कहना है कि एक सम्मानित पूर्व सैन्य अधिकारी की इस तरह बेवजह मौत होना बेहद दुखद और चिंताजनक है। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
कांग्रेस का प्रदर्शन, सरकार के खिलाफ नारेबाजी
इस घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून के एश्ले हॉल चौक पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि राजधानी में इस तरह की घटना होना प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलता है।
नशा और अपराध पर उठे सवाल
हरीश रावत सहित कई नेताओं ने इस घटना के बहाने प्रदेश में बढ़ते नशे और अपराध पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो हालात और बिगड़ सकते हैं।