महाराष्ट्र

राज ठाकरे का BJP पर हमला, बोले- सत्ता में रहकर कौन निकालता है लोकतंत्र बचाने की रैली?

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी की ओर से लोकतंत्र बचाने के नाम पर निकाले जा रहे मार्च पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि देश में यह अनोखा मामला है, जहां सत्ता में बैठी पार्टी ही विपक्ष के खिलाफ लोकतंत्र बचाने की रैली निकाल रही है।

राज ठाकरे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बीजेपी को महाराष्ट्र के गोकुल दूध संघ के चुनाव की याद दिलाई। उन्होंने सवाल किया कि अगर बीजेपी को वास्तव में लोकतंत्र की इतनी चिंता है तो उसे गोकुल चुनाव के बाद हुए घटनाक्रम पर जवाब देना चाहिए।


राज ठाकरे के मुताबिक, गोकुल दूध संघ के चुनाव में बीजेपी समर्थित पैनल को 12 सीटें मिली थीं, जबकि सत्यजीत पाटिल के पैनल ने 13 सीटें जीतकर बढ़त हासिल की थी। इसके बाद सरकार की ओर से पांच निदेशकों को मनोनीत किया गया।

राज ठाकरे ने इन निदेशकों को मतदान का अधिकार दिए जाने पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि जब चुनाव के नतीजे सामने आ चुके थे, तो मनोनीत निदेशकों को वोटिंग का अधिकार देने की जरूरत क्यों पड़ी?

उन्होंने इस घटनाक्रम को बीजेपी के लोकतंत्र बचाने के दावों से जोड़ते हुए कहा कि पार्टी को पहले अपने फैसलों और रवैये पर विचार करना चाहिए।

राज ठाकरे ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए पार्टी कभी लोकतंत्र बचाने, कभी आतंकवाद से देश को बचाने और कभी अर्थव्यवस्था को बचाने के नाम पर रैलियां निकालती है।

उन्होंने महाराष्ट्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में एक ओर पानी का संकट है, वहीं दूसरी ओर बीजेपी में समझदारी की कमी दिखाई दे रही है।

राज ठाकरे ने बीजेपी को सहानुभूति बटोरने की राजनीति छोड़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में विपक्षी दलों ने बीजेपी के सत्ता में रहने के दौरान कई तरह की परिस्थितियों का सामना किया है।

उनका कहना है कि अब अगर देश के लोग विपक्षी दलों की ओर रुख कर रहे हैं तो बीजेपी को भी इसे स्वीकार करना चाहिए। राज ठाकरे के इस बयान ने महाराष्ट्र की राजनीति में बीजेपी और विपक्ष के बीच लोकतंत्र तथा राजनीतिक रवैये को लेकर जारी बहस को फिर से चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!