
थाना रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत रविवार रात को माल देवता के पास शेरकी गांव में एक डंपर ने 17 वर्षीय किशोर को कुचल दिया. जिससे किशोर की मौके पर मौत हो गई और नाराज परिजन और स्थानीय लोगों ने देर रात मालदेवता रोड पर जाम लगा दिया. पुलिस और अधिकारियों को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे और आरोपी को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए जाम को खुलवाया. साथ ही थाना रायपुर पुलिस ने देर रात डंपर चालक को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
जानकारी के अनुसार मालदेवता के शेरकी गांव निवासी 17 वर्षीय शिवांशु रविवार रात अपने घर के पास पैदल जा रहा था. इस दौरान तेज रफ्तार डंपर ने युवक को टक्कर मार दी और कुछ चलते हुए मौके से फरार हो गया. डंपर के टक्कर लगने से युवक को गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण किशोर की मौके पर ही मौत हो गई.घटना की खबर मिलते ही परिवार और स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठे हो गए और लोगों ने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया. सूचना मिलते ही थाना रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझने का प्रयास किया गया. अधिकारियों ने परिजन को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद देर रात जाम खुल सका.
जिसके बाद पुलिस द्वारा शिव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी में रखवाया गया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई थी. लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध खनन और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए.
सीओ रायपुर रीना राठौड़ ने बताया है कि रविवार रात को मालदेवता क्षेत्र में शेर की गांव से मालदेवता की ओर आ रहे एक डंपर की चपेट में आने से एक किशोर की मृत्यु हो गई. घटना की सूचना पर थाना रायपुर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा. घटना में पुलिस टीम द्वारा सीसीटीवी फुटेजों और अन्य माध्यमों से प्राप्त सूचना के आधार पर घटना करने वाले डंपर के संबंध में जानकारी एकत्रित कर डंपर को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में लिया गया है. जिसके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही इस मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.