
बागेश्वर, उत्तराखंड:उत्तराखंड के बागेश्वर जिले का कपकोट क्षेत्र एक बार फिर साहसिक खेलों का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। यहां 5 से 9 फरवरी तक नेशनल पैराग्लाइडिंग एक्यूरेसी चैंपियनशिप–2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और देशभर से पैराग्लाइडर पहुंचना शुरू हो चुके हैं।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कुल 92 पैराग्लाइडरों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 50 से अधिक प्रतिभागी पहले ही बागेश्वर पहुंच चुके हैं। शेष खिलाड़ी भी देर शाम तक आयोजन स्थल पर पहुंच जाएंगे। इस प्रतियोगिता में बीएसएफ, केरल, मेघालय, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत कई राज्यों के अनुभवी पैराग्लाइडर हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देना और बागेश्वर को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाना है।
जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के तहत सभी पैराग्लाइडर जालेख से उड़ान भरेंगे और केदारेश्वर मैदान में लैंड करेंगे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एंबुलेंस और चिकित्सकों की विशेष टीम तैनात की गई है।
पांच दिवसीय इस प्रतियोगिता पर लगभग 25 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है। प्रशासन की ओर से प्रतिभागियों और दर्शकों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
पर्यटन विभाग के अनुसार, इस तरह के आयोजनों से स्थानीय पर्यटन को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। कपकोट क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और अनुकूल भौगोलिक परिस्थितियां इसे पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए आदर्श स्थल बनाती हैं।