पंतनगर विश्वविद्यालय में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किया योगाभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सैकड़ों लोगों के साथ सामूहिक योग, भारत को 2047 तक विश्वगुरु बनने की जताई उम्मीद

पंतनगर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कृषि मंत्री ने विश्वविद्यालय के अध्यापकों, कार्मिकों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेटों तथा उधमसिंह नगर जनपद के नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया।
योगाभ्यास के पश्चात कृषि मंत्री गणेश जोशी ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में योग की जननी भारत ने इसे विश्व पटल पर स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि आज दुनिया के 175 देश एक साथ योग कर रहे हैं और योग का वास्तविक अर्थ जोड़ना है, जिससे पीएम मोदी के नेतृत्व में लोग आपसी सामंजस्य से जुड़ रहे हैं। अपने प्रेरणादायक संबोधन में मंत्री जोशी ने योग को जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में संतुलन आता है, जिससे व्यक्ति न केवल स्वयं को बल्कि समाज और राष्ट्र को भी सशक्त बना सकता है।
कृषि मंत्री ने आशा व्यक्त की कि भारत न केवल योगगुरु के रूप में, बल्कि वर्ष 2047 तक विश्वगुरु के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि योग युवाओं को स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक बनाते हुए विकसित भारत के निर्माण का आधार बनेगा। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में गैरसैंण में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम का भी उल्लेख किया, जहां कई देशों के राजदूत योग करने पहुंचे हैं।
इस कार्यक्रम में जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार सहित सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को सफल बनाया।