डोईवाला: उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 42 सीटर एलायंस एयर विमान को हरी झंडी दिखाकर इस सेवा की शुरुआत की। यह उड़ान क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत संचालित की जा रही है, जिससे गढ़वाल और कुमाऊं के बीच आवागमन अब बेहद आसान हो जाएगा।

अब तक देहरादून से पिथौरागढ़ पहुंचने में जहां लगभग 15 घंटे का समय लगता था, वहीं इस हवाई सेवा के शुरू होने के बाद यह दूरी महज एक घंटे में पूरी की जा सकेगी। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने के साथ-साथ सीमांत क्षेत्रों को सीधी हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन और विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से पिथौरागढ़ सहित सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही आपदा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में भी यह सुविधा बेहद कारगर साबित होगी।
उन्होंने बताया कि राज्य में पिछले चार वर्षों में हेलीपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 12 और हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो गई है, जो मजबूत एविएशन इकोसिस्टम का संकेत है। इसी के चलते उत्तराखंड को ‘बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम’ अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया है।
सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है और ‘उड़ान योजना 2.0’ के तहत नए हवाई अड्डों और हेलीपैड के विकास से दूरस्थ क्षेत्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। इस पहल से उत्तराखंड में अंतिम छोर तक विकास की पहुंच सुनिश्चित होगी और राज्य को नई उड़ान मिलेगी।