एक नाबालिग छात्रा ने तीरंदाजी कोच पर दुष्कर्म का आरोप लगाने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र में एक तीरंदाजी कोच पर 14 वर्षीय छात्रा से कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है. पीड़िता एक नामी स्कूल की छात्रा है, आरोप है कि डरा धमकाकर कोच ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पीड़िता के बयान दर्ज कराते हुए मेडिकल भी कराया गया है, जल्द ही मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की जा सकती है.

पुलिस के मुताबिक, कनखल क्षेत्र के एक नामी स्कूल में कोच छात्र छात्राओं को तीरंदाजी सिखाता है. क्षेत्र की ही एक छात्रा यहां तीरंदाजी सीख रही थी. आरोप है कि आरोपी ने पिछले साल अक्टूबर के महीने में छात्रा को धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. साथ ही किसी को बताने पर तरह तरह की धमकियां भी दी. घटना के बाद छात्रा को चुप रहने के लिए धमकाया, जिसके चलते वह कई महीनों तक किसी से कुछ नहीं कह सकी. अब उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी. इसके बाद पिता ने पीड़िता को साथ ले जाकर कनखल थाने में तहरीर दी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. बताया जा रहा है कि आरोपी मूलरूप से हरियाणा का निवासी है और कनखल क्षेत्र के एक स्कूल में तीरंदाजी का प्रशिक्षण देता है. कनखल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शिकायत मिलते ही कनखल थाना पुलिस ने तत्काल आरोपी कोच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और मामले की जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी कराया है. मामला एक नामी स्कूल से जुड़ा है, इसलिए पुलिस भी सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि जल्द ही आरोपी कोच को गिरफ्तार किया जाएगा. उसी पूछताछ के बाद ये भी पता चल पाएगा कि उसने प्रशिक्षण लेने वाली अन्य छात्राओं के साथ तो इस तरह की शर्मनाक हरकत तो नहीं की है. अभी फिलहाल एक ही छात्रा ने आरोप लगाए हैं. पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने डरा धमकाकर दुष्कर्म की वारदात को पिछले साल अक्टूबर के महीने में अंजाम दिया था. इस बीच उसने छात्रा को जान से मारने की धमकी भी दी. पिछले करीब छह महीने से छात्रा चुप थी. आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर अपने परिजनों को सारी सच्चाई बताई. तब जाकर पीड़िता के पिता कनखल थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी हो सकती है. गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा