
देहरादून: गढ़ी कैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ‘गोरखा हिमालयन फेस्टिवल’ में देशभर के कलाकार जुटेंगे। शहीद दुर्गा मल्ल मेमोरियल ट्रस्ट के साथ गोर्खाली सुधार सभा इसमें विशेष सहयोग कर रही है।
महोत्सव 20, 21 और 22 फरवरी को आयोजित होगा।

कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ट्रस्ट की अध्यक्ष कमला थापा ने बताया कि इस फेस्टिवल में हिमालय क्षेत्र की संस्कृति, खानपान और विविधता देखने को मिलेगी। बताया कि 20 फरवरी को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे साइक्लोथॉन मिनी रैली’ के फ्लैग ऑफ के साथ होगी। इसके बाद शाम 4:00 बजे ‘पंचे बाजा’ और ‘नौबती बाजा’ की गूंज के साथ प्रदर्शनी और मेले का उद्घाटन होगा। शाम 6:00 बजे दीप प्रज्वलन और स्तुति के बाद, सतीश और दीप्ति राणा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।

रात के आकर्षण में जम्मू का एम. जैक्सन सांस्कृतिक संस्थान, दार्जिलिंग की मशहूर सिंगर सुरक्षा सिंचुरी, सिलीगुड़ी के गायन, विक्रम कालिकोटे और विशाल ग्रुप का पारंपरिक ‘लाखे-कुमारी’ डांस दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। ट्रस्ट की सचिव प्रभा शाह ने बताया कि दीप्ती व देविन शाही की मधुर आवाज के साथ पहले दिन के कार्यक्रमों की समाप्ति होगी. जबकि दूसरे दिन सुबह 11:30 बजे ‘मधुमक्खी पालन’ और ‘फल संरक्षण’ पर कार्यशाला होगी, जिसके बाद दोपहर 1:00 बजे ‘डॉ. नेचर थेरेपी’ की जानकारी दी जाएगी।
शाम को ‘कोसेली सांगीतिक ग्रुप’ और ‘कुमाऊंनी झौड़ा’ के साथ माहौल सजेगा। युवाओं के लिए यहाँ ‘रैपर्स बैटल’ का आयोजन भी है। खास बात यह है कि शाम 6:45 बजे उत्तराखंड की गौरव बसंती देवी बिष्ट का सम्मान और उनकी प्रस्तुति होगी। रात के मुख्य आकर्षण में असम की ‘सुपर डांसर चैप्टर 5’ की विजेता अध्यायश्री उपाध्याय का धमाकेदार डांस होगा। सांस्कृतिक सचिव मीनू आले और रमा थापा ने बताया कि
फेस्टिवल के आखिरी दिन यानी 22 फरवरी को सुबह ‘नेचर फोटोग्राफी’ और दोपहर में जे.पी. मैथानी जी के विशेष सत्र का आयोजन होगा।

शाम को जौनसारी और गढ़वाली लोक नृत्यों की झलक दिखेगी। इस शाम का सबसे बड़ा आकर्षण ‘ब्राइड्स ऑफ हिमालयन रीजन’ (हिमालयी क्षेत्र की दुल्हनें) फैशन शो होगा, जो हमारी पारंपरिक वेशभूषा को प्रदर्शित करेगा। कार्यक्रम के अंत में सुरक्षा सिंचुरी और विक्रम कालिकोटे की जुगलबंदी होगी और रात 9:30 बजे ‘लॉटरी’ की घोषणा के साथ इस उत्सव का समापन होगा।
कार्यक्रम की मुख्य विशेषता आयोजन स्थल को पूरी तरह से ‘पॉलीथिन मुक्त’ रखा जाएगा, जो पर्यावरण को लेकर इस कार्यक्रम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस मौके पर पूनम थापा, कविता क्षेत्री, नैनका राणा, शीलू राई और कविता क्षेत्री आदि उपस्थित रहे।