देहरादून में यातायात प्रबंधन के साथ पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन के अभिनव प्रयास, 10 करोड़ की धनराशि का प्राविधान

देहरादून : राजधानी देहरादून में जिलाधिकारी सविन बसंल के नेतृत्व में शहर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा शहर को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए अनेक अभिनव योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।
देहरादून के प्रमुख जंक्शनों कुठालगेट, साई मंदिर और दिलाराम चौक का पहाड़ी शैली में सौंदर्यीकरण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इन चौराहों पर राज्य की सांस्कृतिक विशेषताओं को दर्शाती हुई कलाकृतियों के माध्यम से पारंपरिक शैली में विकास कार्य किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नई स्लिप रोड, राउंड अबाउट लाइटिंग और लोक परंपरा, सांस्कृतिक धरोहर तथा धार्मिक स्थलों की कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने शहर में नव निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए स्मार्ट सिटी बजट से 10 करोड़ रुपये की धनराशि का प्राविधान किया है। इस राशि से न केवल निर्माण कार्य बल्कि योजनाओं के रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल है। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार डिजाइन, सर्वे और कॉन्सेप्ट का कार्य ज्वाइनिंग के दूसरे महीने में ही तैयार कर लिया गया था।
11 जंक्शनों पर ट्रैफिक लाइट का कार्य पूर्ण
सड़क सुरक्षा और सुरक्षित यातायात के लिए जिला प्रशासन ने देहरादून के 11 प्रमुख जंक्शनों पर ट्रैफिक लाइट लगाने का कार्य पूर्ण किया है। महाराणा प्रताप चौक, नालपानी चौक, मोथोरावाला, आईटी पार्क और ट्रांसपोर्ट नगर में लाइट लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रेमनगर चौक, सुधोवाला चौक, रांगड़वाला, धूलकोट तिराहा, सेलाकुई बाजार तिराहा और डाकपत्थर तिराहा में शीघ्र कार्य पूर्ण हो जाएगा।
जिलाधिकारी के प्रयासों से शहर में 5 वर्षों में प्रथम बार प्रमुख चौराहों पर लगे पुलिस के सीसीटीवी कैमरे भी इंटीग्रेट करवाए गए हैं। इससे सड़कों पर सुरक्षित यातायात की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
इन कार्यों के माध्यम से देहरादून आने वाले पर्यटकों को यहां की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को भी चौराहों और मुख्य मार्गों पर प्रदर्शित किया जा रहा है। जिलाधिकारी के इन प्रयासों से आम जनता को राहत मिल रही है और शहर समर्पित विकास की ओर अग्रसर हो रहा है ।