मनोरंजन

सट्टेबाजी ऐप्स स्कैंडल: ईडी ने 29 फिल्मी सितारों-इंफ्लुएंसर्स को घेरा

हैदराबाद, 10 जुलाई 2025 – प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तेलंगाना के 29 फिल्मी सितारों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के खिलाफ सट्टेबाजी ऐप्स को प्रमोट करने के आरोप में जांच शुरू की है। इस मामले की शुरुआत मियापुर के एक बिजनेसमैन फणिंद्र शर्मा की शिकायत से हुई थी, जिन्होंने आरोप लगाया था कि कई बड़े फिल्मी चेहरे और सोशल मीडिया स्टार्स लोगों को इन सट्टेबाजी ऐप्स की तरफ आकर्षित कर रहे हैं। शर्मा ने बताया कि इस तरह के ऐप्स से मिडल क्लास और लोअर मिडल क्लास परिवारों को काफी नुकसान हो रहा है।

इस शिकायत के बाद साइबराबाद पुलिस ने 19 मार्च 2025 को 25 सेलिब्रिटीज के खिलाफ FIR दर्ज की थी और कार्रवाई शुरू की थी। बाद में इस मामले की जांच में ईडी भी शामिल हुई है। ईडी ने इस मामले में पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) के तहत ईसीआईआर(एफआईआर)दर्ज कर ली है और इस केस को अपने हाथ में ले लिया है। ईडी अब इन सभी स्टार्स और इंफ्लुएंसर्स से पूछताछ कर रही है कि उन्होंने कितने पैसे में प्रमोशन किया, पेमेंट कैसे मिला और टैक्स डिटेल्स क्या हैं।

जांच में सामने आया है कि इन ऐप्स के जरिए हजारों करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। ये ऐप्स युवाओं को जल्दी पैसा कमाने का लालच देते हैं, लेकिन बाद में लोग आर्थिक और मानसिक तौर पर टूट जाते हैं। उल्लेखनीय है कि बीते साल भी महादेव बेटिंग एप का मामला सामने आया था, जिसमें भी कई बॉलीवुड, टॉलीवुड और टीवी सितारों का नाम उछला था। उस मामले में भी तेजी से कार्रवाई की गई थी। वर्तमान में ईडी इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!