
महिलाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने खास ‘कीर्तन-नवरात्र प्लान’ तैयार किया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी महिला मतदाताओं से जुड़ाव बढ़ाने के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए व्यापक अभियान चलाने की तैयारी में है।
पार्टी संगठन ने इस योजना को लागू करने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा को सौंपी है। इसके तहत कीर्तन मंडलियों, नवरात्र, हरियाली तीज जैसे पर्वों के अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को जोड़ने की रणनीति बनाई गई है।
भाजपा का लक्ष्य है कि यह कार्यक्रम केवल जिला या शहर तक सीमित न रहें, बल्कि मंडल स्तर तक आयोजित किए जाएं, ताकि गांव और कस्बों तक भी महिलाओं के बीच संगठन की पहुंच बढ़ाई जा सके। इसके लिए महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं से संवाद बढ़ाने, उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और संगठन से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।