उत्तराखंडदेहरादून

डोईवाला में घरेलू गैस की कालाबाजारी का भंडाफोड़; छापेमारी में भारी मात्रा में सिलेंडर जब्त, दो गिरफ्तार

डोईवाला (देहरादून): जिलाधिकारी देहरादून के सख्त निर्देशों के अनुपालन में, डोईवाला क्षेत्र में घरेलू गैस के दुरुपयोग और कालाबाजारी को रोकने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, राजस्व विभाग और पूर्ति निरीक्षक के संयुक्त दल ने छापेमारी कर अवैध गैस रिफिलिंग के खेल का पर्दाफाश किया है।

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला रिफिलिंग केंद्र

​प्रशासनिक टीम को सूचना मिली थी कि अठ्ठुरवाला के सुनार गांव विस्थापित क्षेत्र में एक छोटे से भवन में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विभूति जुयाल, नायब तहसीलदार राजेंद्र रावत और पूर्ति निरीक्षक गोकुल रमोला की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।

​जांच के दौरान टीम ने पाया कि एक छोटे से कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवक मौजूद थे। जब उनसे वहां रखे सिलेंडरों के संबंध में पूछताछ की गई और वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए।

​उपकरण और सिलेंडर जब्त, मुकदमा दर्ज

​गहन तलाशी लेने पर टीम ने मौके से निम्नलिखित सामग्री बरामद की:

​08 छोटे सिलेंडर

​01 बड़ा कमर्शियल सिलेंडर

​गैस रिफिलिंग यंत्र

​पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश निवासी दोनों युवकों को हिरासत में लिया है और उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

​लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

​क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विभूति जुयाल ने बताया कि पिछले काफी समय से क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व में भी ऐसी कार्रवाई कर सिलेंडरों को जब्त किया गया था और आज भी अठ्ठुरवाला के अलावा अन्य कई स्थानों पर छापेमारी की गई है, जहां नोटिस देने की कार्रवाई की जा रही है।

​”भविष्य में भी इस प्रकार की छापेमारी जारी रहेगी। घरेलू गैस का दुरुपयोग या कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

— विभूति जुयाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी

​जनता से अपील

​प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार होम डिलीवरी के माध्यम से गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से होती रहेगी। साथ ही, उन्होंने लोगों से गैस के अवैध व्यापार में संलिप्त न होने की चेतावनी भी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!