
जालंधर (शुक्रवार):
पंजाब में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में शुक्रवार सुबह आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और पूर्व पार्षद प्रत्याशी लक्की ओबेरॉय की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने वारदात को तब अंजाम दिया जब वे गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर अपनी थार जीप में बैठ रहे थे।

8-10 राउंड फायरिंग, CCTV में कैद हुई वारदात
पुलिस के अनुसार, घटना सुबह करीब सवा आठ बजे की है। लक्की ओबेरॉय रोज की तरह गुरुद्वारे में मत्था टेकने गए थे। जैसे ही वह बाहर निकलकर अपनी थार गाड़ी में बैठे, बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने करीब 8 से 10 राउंड फायर किए, जिसमें से कई गोलियां लक्की के सिर और छाती में लगीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस खंगाल रही है।
जस्स भुट्टर गैंग ने ली जिम्मेदारी: ‘कॉलेज की प्रधानगी’ का विवाद
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर के कुछ ही देर बाद सोशल मीडिया पर ‘जस्स भुट्टर गैंग’ ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। वायरल पोस्ट में गैंग ने हत्या की वजह खालसा कॉलेज जालंधर की छात्र संघ प्रधानगी (Presidency) को बताया है।
पोस्ट में लिखा: “कॉलेज की प्रधानगी शेरू ग्रुप और भाजी तजिंदर सिंह (शेरू भाजी) की रजामंदी से चलती है। जो अमेरिका बैठकर फेसबुक पर पोस्ट डाल रहे हैं, उन्हें खुला बुलावा है।”
पुलिस की कार्रवाई: पुलिस साइबर सेल इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रहा है और इसे कॉलेज की रंजिश से जोड़कर देख रहा है।
दो दिन में ‘आप’ के दूसरे नेता की हत्या
पंजाब में पिछले 24 घंटों में यह ‘आप’ नेता की दूसरी हत्या है। इससे एक दिन पहले तरनतारन के चीमा खुर्द में आप सरपंच गुरभेज सिंह की हत्या कर दी गई थी। विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में जंगलराज कायम हो चुका है।
विपक्ष का सीएम मान पर हमला
प्रताप सिंह बाजवा (कांग्रेस): “जब सत्ताधारी पार्टी के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम आदमी का क्या होगा? भगवंत मान पीआर में व्यस्त हैं और पंजाब गैंगवार की चपेट में है।”
बिक्रम मजीठिया (अकाली दल): “दिनदहाड़े हत्या पंजाब में ‘न्यू नॉर्मल’ बन गया है। सरकार ने कानून-व्यवस्था का जनाजा निकाल दिया है।”