धामी सरकार के जनहितकारी विजन को धरातल पर उतार रहा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान
पौड़ी गढ़वाल-मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत उम्टा स्थित सामुदायिक भवन में व्यापक जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री एवं सरकार के प्रतिनिधि श्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने सहभागिता करते हुए क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।


जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, पशुपालन, उद्यान, लोक निर्माण, विद्युत, खाद्य आपूर्ति, आयुष, बाल विकास एवं ग्राम विकास से संबंधित समस्याएँ रखीं। सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में राजस्व विभाग, समाज कल्याण विभाग, पशुपालन विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग, आयुष विभाग, विद्युत विभाग, बाल विकास विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग तथा ग्राम विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का स्पष्ट विजन है कि शासन-प्रशासन जनता के द्वार तक पहुँचे और किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार जैसे कार्यक्रम इसी सोच को साकार कर रहे हैं। राज्य सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता की प्रत्येक समस्या का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन गांव की ओर अभियान के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एक ही मंच पर विभिन्न विभागों की सेवाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो रही है तथा आम जनता को वास्तविक लाभ मिल रहा है।
ग्रामीणों ने मौके पर समस्याओं के समाधान पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।