उत्तराखंड

खटीमा में सीएम धामी ने किया ओपन जिम का लोकार्पण, खेल प्रतियोगिता का भी किया शुभारंभ

खटीमा: सीएम धामी अपने गृह क्षेत्र खटीमा में हैं. आज उन्होंने लोहियाहेड इलाके में एक निजी कंपनी के सहयोग से बने ओपन जिम का शुभारंभ किया. इस अवसर पर सीएम ने लोहियाहेड खेल मैदान में निजी नर्सिंग कॉलेज के वार्षिक खेलकूद आयोजन का शुभारंभ भी किया. सीएम धामी ने ओपन जिम में वर्जिश की तो क्रिकेट के मैदान में भी हाथ आजमाए. मुख्यमंत्री ने खेलों को युवाओं के लिए बेहद जरूरी बताया.

सीएम धामी ने ओपन जिम का किया लोकार्पण: अपने खटीमा दौरे के दौरान शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी फुटबॉल मैदान लोहियाहेड में एक कंपनी के सहयोग से बने ओपन जिम का लोकार्पण किया और उपकरणों का ट्रायल किया. इसके बाद उन्होंने नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारंभ किया.

सीएम ने पढ़ाई के साथ खेलकूद को भी बताया जरूरी: मुख्यमंत्री ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी हैं. इससे शरीर व मन स्वस्थ रहते हैं. अनुशासन और टीम भावना विकसित होती है. उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की अपील की. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया व फिट इंडिया आंदोलन से खेलों को बढ़ावा मिला है. मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य में अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है. इस वर्ष 10 हजार और भर्तियां की जाएंगी. कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कॉलेज स्टाफ व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे.

सीएम ने शुक्रवार शाम को होली भी खेली थी: गौरतलब है कि उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को खटीमा पहुंच गए थे. खटीमा में सीएम धामी का घर है. शुक्रवार शाम उन्होंने खटीमा रामलीला मैदान में होली मिलन समारोह में भाग लिया था. सीएम धामी ने जनता को होली पर्व की शुभकामनाएं दी थी. इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों आयोजित किए गए थे. सीएम धामी ने अपने गृह क्षेत्र के लोगों के साथ फूलों की होली खेली थी. खटीमा में थारू जनजाति एवं कुमाऊंनी होली के सांस्कृतिक रंग देखने को मिले थे. होली मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि खटीमा उनका घर है. यहां के लोग उनका परिवार हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!