Dehradun Murder Case: देहरादून युवती हत्याकांड पर कांग्रेस का हमला, बोले गणेश गोदियाल— बीजेपी सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त.
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार में दिनदहाड़े 23 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त बताते हुए कहा कि यह घटना भाजपा के “जंगलराज” की सच्चाई उजागर करती है।

मच्छी बाजार हत्याकांड से खुली कानून व्यवस्था की पोल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राजधानी देहरादून के व्यस्ततम इलाके मच्छी बाजार में दिनदहाड़े युवती की गला काटकर हत्या होना इस बात का सबूत है कि राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य बाजार, जहां हर समय भारी भीड़ रहती है, वहां इस तरह की घटना होना पुलिस की नाकामी को दर्शाता है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि जहां घटना हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर राजधानी की मुख्य कोतवाली स्थित है। इसके बावजूद अपराधी ने बेखौफ होकर हत्या को अंजाम दिया और फरार होने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा और आम जनता की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह विफल साबित हुई है।
अंकिता भंडारी केस का भी जिक्र
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि आज तक उस मामले में भी वीआईपी का खुलासा नहीं हो पाया है। इससे यह साबित होता है कि कहीं न कहीं अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का सरकार पर हमला
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं की खुलेआम हत्या हो रही है और पुलिस तमाशबीन बनी हुई है। देहरादून में मात्र पांच दिनों के भीतर दो युवतियों और एक महिला की नृशंस हत्या इस बात का प्रमाण है कि राज्य की कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है।
गौरतलब है कि 2 फरवरी को देहरादून के मच्छी बाजार में 23 साल की गुंजन की सिरफिरे युवक आकाश कुमार ने चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी थी। हमले के बाद गुंजन लहूलुहान होकर गिर पड़ी। उसे तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पहले से जान-पहचान और धमकी का मामला
पुलिस के अनुसार, गुंजन और आकाश की पिछले दो साल से जान-पहचान थी। गुंजन बीते 5–6 वर्षों से मच्छी बाजार के दूल्हा कपड़ा मार्केट में काम कर रही थी। कुछ समय पहले आकाश की शादी हो गई, जिसके बाद गुंजन ने उससे बातचीत और मिलना-जुलना बंद कर दिया था।
आरोपी आकाश लगातार गुंजन का पीछा कर रहा था और कुछ दिन पहले उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। इसी लापरवाही का नतीजा यह रहा कि आरोपी के हौसले और बढ़ गए और उसने सरेआम हत्या को अंजाम दे दिया।
राजनीतिक घमासान तेज
देहरादून युवती हत्याकांड ने न सिर्फ कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि प्रदेश की राजनीति को भी गर्मा दिया है। कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार को घेर रही है और महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रही है।