बारिश से फसलें बर्बाद, प्रभावित किसानों को जल्द मिलेगा मुआवजा: कृषि मंत्री गणेश जोशी

देहरादून: उत्तराखंड में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश के कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वित्तीय वर्ष के दौरान लगभग 0.006 हेक्टेयर भूमि पर क्षति दर्ज की गई है, जिसमें बागेश्वर जनपद में भू-स्खलन (भुकटाव) मुख्य कारण रहा। वहीं, उद्यान विभाग के अनुसार 4773 हेक्टेयर क्षेत्रफल में क्षति का आंकलन किया गया है। दोनों ही मामलों में फसलों को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, जिससे यह क्षति आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत क्षतिपूर्ति योग्य मानी गई है।
राजस्व विभाग और कृषि विभाग की संयुक्त टीमें फसलों की क्षति का आकलन युद्धस्तर पर कर रही हैं। इस मूल्यांकन के आधार पर प्रभावित किसानों को राहत राशि शीघ्र ही वितरित की जाएगी।
प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे भारत सरकार के मानकों के अनुरूप जल्द से जल्द दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण करें और किसानों को फसल का मुआवजा प्रदान करें। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय टीमें जिलों में सक्रिय रहें और किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखें।
कृषि मंत्री ने प्रदेश के किसानों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़ी है और जल्द ही उन्हें उनकी फसल का उचित मुआवजा दिया जाएगा।