Uncategorized
Trending

देहरादून अर्जुन हत्याकांड: संपत्ति विवाद में उलझे रिश्ते,

मां और बेटे के बीच दुश्मनी बनी हत्या की वजह

देहरादून: के डालनवाला थाना क्षेत्र में हुए अर्जुन शर्मा हत्याकांड की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। तिब्बती मार्केट के पास बीते दिनों अज्ञात हमलावरों ने कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अब पारिवारिक साजिश और संपत्ति विवाद की परतें खुलती नजर आ रही हैं।

मृतक अर्जुन की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अर्जुन की मां बीना शर्मा, कारोबारी विनोद उनियाल समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संपत्ति और पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद के कारण यह साजिश रची गई।

जानकारी के अनुसार, हत्या से ठीक 10 दिन पहले दो फरवरी को आरोपी विनोद उनियाल ने अर्जुन पर चेक में फर्जी हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए बसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन फरवरी को प्राथमिकी भी दर्ज की थी।

अब अर्जुन की पत्नी ने आरोप लगाया है कि विनोद उनियाल और अर्जुन की मां बीना शर्मा के बीच नजदीकियां थीं और इन्हीं के चलते अर्जुन की हत्या की साजिश रची गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अर्जुन का एक भाई अतुल शर्मा भी है, जो इस पूरे विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

पारिवारिक पृष्ठभूमि के अनुसार, अर्जुन के पिता रमेश चंद शर्मा भारतीय सेना में कर्नल पद पर तैनात थे, जो करीब 38 वर्ष पूर्व सेवा के दौरान शहीद हो गए थे। उस समय अर्जुन और अतुल दोनों नाबालिग थे। शहादत के बाद सरकार की ओर से उनकी पत्नी बीना शर्मा को आजीविका के लिए गैस एजेंसी आवंटित की गई थी, जो देहरादून में पिछले लगभग 37 वर्षों से संचालित है।

पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हत्या के पीछे संपत्ति विवाद, आर्थिक लेन-देन और पारिवारिक रिश्तों के उलझे समीकरणों को खंगाला जा रहा है। जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े और अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!