
देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खुद बैडमिंटन कोर्ट में उतरकर रैकेट थामा और खेल के प्रति अपनी रुचि दिखाते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को खेलते देख वहां मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और खिलाड़ी खासे उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड अब केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेलभूमि के रूप में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय कार्यों की व्यस्तता के बावजूद कर्मचारियों द्वारा खेल गतिविधियों को अपनाना बेहद जरूरी है। खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बेहतर बनाते हैं, बल्कि मानसिक तनाव को दूर करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से खेल खेलने से जीवन में अनुशासन आता है और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि निरोगी रहना मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बनाए रखने में खेल सबसे प्रभावी माध्यम हैं। स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही किसी भी व्यक्ति को बेहतर निर्णय लेने और बेहतर कार्य करने में सक्षम बनाती है। उन्होंने सभी कार्मिकों, युवाओं और आम नागरिकों से अपील की कि वे अपनी दिनचर्या में खेल और व्यायाम को जरूर शामिल करें।
कार्यक्रम के दौरान सचिवालय बैडमिंटन क्लब के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और प्रतियोगिता की जानकारी दी। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी प्रतिभाग कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना है।