देहरादून जिला न्यायालय को फिर मिली बम की धमकी, कोर्ट परिसर खाली;
बम निरोधक दस्ता ने की सघन जांच

देहरादून: दून जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बिना देरी किए कोर्ट परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंचकर सघन तलाशी अभियान में जुट गई।
जानकारी के अनुसार, जिला जज कार्यालय को अज्ञात व्यक्ति द्वारा ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम तुरंत न्यायालय परिसर पहुंची। एहतियातन जज, अधिवक्ता, कर्मचारी और अन्य उपस्थित लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बुधवार को भी इसी तरह का धमकी भरा मेल मिला था, जिसके बाद करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया था। उस दौरान भी न्यायालय परिसर में मौजूद सभी लोगों को बाहर निकाला गया और कामकाज पूरी तरह ठप रहा। हालांकि गहन जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
ताजा घटना में भी बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने इमारत के भीतर कोने-कोने की जांच की। लगभग दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद टीम बाहर आई और परिसर को सुरक्षित घोषित किया। किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।
लगातार मिल रही धमकियों के चलते न्यायालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।