देहरादून में दिनदहाड़े फायरिंग: तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी संचालक की हत्या

देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। तिब्बती मार्केट के सामने अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है।
गोली लगने के बाद घायल अवस्था में युवक को पुलिस दून अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।