उत्तराखंडदेहरादून

नशा तस्करों के विरुद्ध दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी

जल्दी पैसा कमाने का लालच पहुंचा सलाखों के पीछे

देहरादून: मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025 विजन को साकार करने की दिशा में दून पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना सेलाकुई पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 300 ग्राम अवैध चरस बरामद की है। अभियुक्त स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों में चरस बेचकर भारी मुनाफा कमाने की योजना बना रहा था।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 15 दिसंबर 2025 को चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना सेलाकुई पुलिस ने धूलकोट तिराहे के पास से अभियुक्त चुन्नीलाल को 300 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया।

अभियुक्त के विरुद्ध थाना सेलाकुई पर धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह मजदूरी का कार्य करता है। काम के दौरान उसकी मुलाकात कुल्लू निवासी संजीव नामक व्यक्ति से हुई थी, जिसने उसे चरस बेचकर कम समय में अधिक पैसा कमाने का लालच दिया। इसी लालच में आकर अभियुक्त ने संजीव से चरस खरीदी और उसे सेलाकुई क्षेत्र में शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों, औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत मजदूरों और स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों में बेचने की योजना बना रहा था।

हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आए वांछित अभियुक्त संजीव की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

चुन्नीलाल, पुत्र जोर सिंह
निवासी: ग्राम बसुट, थाना बाली चौकी, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश
उम्र: 20 वर्ष

बरामदगी

  • 300 ग्राम अवैध चरस

वांछित अभियुक्त

  • संजीव, निवासी कुल्लू, हिमाचल प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!