आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर लोकतंत्र सेनानियों को किया गया सम्मानित

देहरादून : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित “संविधान हत्या दिवस” कार्यक्रम के तहत मसूरी विधानसभा क्षेत्र में निवास करने वाले दो लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस कार्यक्रम का आयोजन आपातकाल की विभीषिका को स्मरण करने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराने के उद्देश्य से किया गया।
मंत्री जोशी ने इस दौरान राजपुर निवासी स्व. महेश अग्रवाल की पत्नी सुमित्रा देवी अग्रवाल और गढ़ी कैंट निवासी ताराचंद्र गुप्ता को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि भारत सरकार द्वारा 11 जुलाई 2024 को जारी अधिसूचना के अनुसार 25 जून को “संविधान हत्या दिवस” के रूप में घोषित किया गया है, जिसे पूरे देश में मनाया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 25 जून 1975 को देश में आपातकाल लागू हुआ था, जो भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय माना जाता है। इस दौरान नागरिक स्वतंत्रताओं का हनन, संवैधानिक अधिकारों का दमन और कार्यपालिका की शक्ति का अत्यधिक केंद्रीकरण देखा गया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों ने इस दौर में अत्याचारों का सामना करते हुए लोकतंत्र की रक्षा की, और ऐसे वीर सेनानियों को सम्मानित करना गौरव की बात है।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल महामंत्री अल्का कुल्हान, मोहित अग्रवाल, देवेंद्र रावत, अजीत सिंह, विष्णु प्रसाद गुप्ता, बसंत उपाध्याय, गजेंद्र गोस्वामी, नवीन सहित कई कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।