
देहरादून: उत्तराखंड की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने आज अपने चार साल पूरे कर लिए हैं. इस मौके को यादगार बनाने के लिए आज से तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू हो गए हैं. बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं में इन कार्यक्रमों को लेकर बहुत उत्साह देखा जा रहा है. देहरादून के परेड ग्राउंड में शुरू हुए ‘उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में अनेक मंत्री और विधायक मौजूद रहे. सीएम धामी ने इस दौरान 401.86 करोड़ की लागत की कुल 74 विकास योजना का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया.
सीएम धामी ने खुद इन कार्यक्रमों का शुभारंभ किया. कार्यक्रम को ‘उत्तराखंड सरकार के चार साल बेमिसाल’ नाम दिया गया है. मुख्य कार्यक्रम देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया है. कार्यक्रम से पहले सीएम धामी ने देहरादून में रोड शो निकाला. उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी सीएम धामी के साथ खुली जिप्सी में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करते दिखे.
प्रमुख विकास योजनाओं का उपहार
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें राजधानी देहरादून की स्वच्छता और जल निकासी से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं:
-
नमामि गंगे: सपेरा बस्ती में 7,898.74 लाख की लागत से एसटीपी निर्माण।
-
सीवर लाइन: आराघर चौक से मोधरोवाला और सहारनपुर चौक से पथरीबाग तक नई सीवर लाइनें (कुल लागत लगभग 4,749 लाख)।
-
जल निकासी: इंदिरानगर आवास विकास कॉलोनी में 1,860.04 लाख की जल निकासी पुनर्गठन योजना।
राजनीतिक सफर: हार के बाद भी अटूट विश्वास
उल्लेखनीय है कि 23 मार्च 2022 को पुष्कर सिंह धामी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि वह अपनी पारंपरिक सीट खटीमा से चुनाव हार गए थे, लेकिन भाजपा आलाकमान ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्हें पुनः जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद उन्होंने चंपावत उपचुनाव में कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी को 55,025 वोटों के ऐतिहासिक अंतर से हराकर विधानसभा में अपनी जगह बनाई।
मंत्रिमंडल विस्तार से मिली नई ऊर्जा
अपने चार साल पूरे होने से ठीक पहले, 20 मार्च को मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल का विस्तार कर प्रशासनिक टीम को और मजबूती दी। 5 नए विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया और 22 मार्च को उन्हें विभागों का आवंटन भी कर दिया गया, ताकि विकास कार्यों की गति को और तेज किया जा सके।
“हमारी सरकार ‘जन-जन की सरकार’ के ध्येय वाक्य पर काम कर रही है। पिछले चार वर्षों में हमने उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए जो नींव रखी है, आने वाले समय में उसके परिणाम और भी सुखद होंगे।” — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
यह तीन दिवसीय उत्सव (23 से 25 मार्च) पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर मनाया जा रहा है, जिसका सीधा प्रसारण कर जनता को सरकार की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।