पंचायत चुनाव को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा नेता पुष्कर काला के बीच हुई महत्वपूर्ण रणनीतिक चर्चा

देहरादून: कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी से शुक्रवार को उनके कैंप कार्यालय में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं काशीपुर प्रभारी पुष्कर काला ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आगामी पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को ऊधमसिंहनगर जनपद का पंचायत चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है।
मंत्री जोशी ने स्पष्ट किया कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के विरोध में कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जहां भाजपा अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है, वहीं कांग्रेस अभी तक प्रत्याशी तय नहीं कर पाई है।
मंत्री जोशी ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में भाजपा ऊधमसिंहनगर की सभी 35 जिला पंचायत सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बार भी पंचायत चुनावों में नया कीर्तिमान स्थापित करने जा रही है।