देहरादून

जिलाधिकारी सविन बंसल को लोकरत्न हिमालय सम्मान से नवाजा गया

देहरादून: देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को उनके असाधारण निर्णयों और जनहितकारी कार्यों के लिए लोकरत्न हिमालय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान पर्वतीय बिगुल सामाजिक सांस्कृतिक संस्था द्वारा अपने 29वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री प्रीतम भरतवाण, प्रसिद्ध गायिका मीना राणा, राज्य आन्दोलनकारी मंच के प्रतिनिधियों समेत अनेक विशिष्टजनों की उपस्थिति रही।

सम्मान स्वरूप उन्हें रणसिंघा व ढोल-दमाऊ प्रतीक चिन्ह, अभिनंदन पत्र और शाल भेंट की गई। संस्था के अध्यक्ष और फिल्म निर्देशक प्रदीप भंडारी ने जानकारी दी कि डीएम सविन बंसल ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, भिक्षावृत्ति मुक्ति अभियान, सारथी वाहन सेवा, जलभराव समाधान, और राज्य आंदोलनकारियों को सम्मान जैसे कई प्रभावी कार्य किए हैं।

सम्मान स्वीकार करते हुए डीएम बंसल ने इसे अपेक्षाओं की पूर्ति का दायित्व बताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनकी नहीं, बल्कि सभी प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों की टीम भावना का प्रतीक है। उन्होंने सामाजिक विकारों पर चिंता जताते हुए बच्चों को अपनी संस्कृति, परिवार और समुदाय से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन मोहसिन अहमद तन्हा और रवि सिंह ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, संस्था प्रमुख और सांस्कृतिक हस्तियाँ उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button