बेसिक शिक्षा निदेशक से मारपीट के विरोध में कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार,
जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन

अल्मोड़ा: बेसिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ मारपीट की घटना के विरोध में विभागीय कर्मचारी और शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले सोमवार से कार्य बहिष्कार पर चले गए। इस कारण विभागीय दफ्तरों में कामकाज पूरी तरह ठप रहा।
कर्मचारी और शिक्षकों ने जिला मुख्यालय स्थित मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने कहा कि यह हमला केवल शिक्षा निदेशक पर नहीं, बल्कि पूरे सरकारी तंत्र पर हमला है। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में अराजकता फैलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
कार्य बहिष्कार के चलते कार्यालयों में वित्तीय कार्य, विभिन्न पटलों से जुड़े प्रकरण, शिक्षकों और कर्मचारियों की पत्रावलियां, वेतन एवं पेंशन भुगतान सहित अन्य जरूरी कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष पान सिंह मेर, सचिव दुर्गा सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष गोविंद सिंह मेहता, जगदीश सिंह, बलवंत तड़ागी, दिनेश चंद्र आर्या, दयाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र वर्मा सहित अन्य कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहे।