उत्तराखंडदेहरादून

बदरीनाथ व केदारनाथ में रिकॉर्ड श्रद्धालु पहुंचने से सरकार उत्साहित : हेमंत द्विवेदी

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात, जताया आभार

देहरादून, 11 अक्टूबर: बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनके शासकीय आवास पर भेंट की और चारधाम यात्रा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा सीजन में रिकॉर्ड 31 लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। इनमें करीब साढ़े सोलह लाख तीर्थयात्री केदारनाथ और साढ़े चौदह लाख से अधिक बदरीनाथ पहुंचे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई और कहा कि श्रद्धालुओं का यह आस्था प्रवाह लगातार बढ़ता रहना चाहिए। उन्होंने मंदिर समिति की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने में बीकेटीसी का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। मुख्यमंत्री ने मंदिर समिति से जुड़े संकल्पों को पूरा करने का भरोसा भी दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाए। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुख्यमंत्री के समक्ष मंदिर समिति के कार्यों, गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी भी प्रस्तुत की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा से संबंधित सभी विकास योजनाओं पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी, ताकि यात्रा का संचालन और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित हो सके। उन्होंने मंदिर समिति को कई सुझाव भी दिए, जिन पर जल्द अमल किया जाएगा।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन से ही इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ और केदारनाथ की यात्रा इस वर्ष सफल, सुगम और सुरक्षित रही, जिसके लिए सरकार, मंदिर समिति, धर्मगुरु, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और स्थानीय नागरिकों का सहयोग सराहनीय रहा।

द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के सुझावों पर जल्द योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, ताकि अगले सत्र की यात्रा और अधिक आरामदायक और सुरक्षित बन सके। उन्होंने बताया कि धामों के सौंदर्यीकरण और विस्तार कार्यों में केंद्र और राज्य सरकारों का पूर्ण सहयोग मिल रहा है।

गौरतलब है कि देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के दर्शन किए। अंबानी ने मंदिर प्रबंधन के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए 10 करोड़ रुपये की राशि मंदिर समिति को भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!